जमशेदपुर में नो पार्किंग और गंदगी पर JNAC की सख्त कार्रवाई, वसूला गया 30 हजार जुर्माना…

Jamshedpur news: शहर में नो पार्किंग और स्वच्छता को लेकर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने सख्ती दिखाते हुए विशेष अभियान चलाया। नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर साकची इलाके में यह कार्रवाई की गई।
बारिश के बीच JNAC की टीम ने साकची सर्किल आई हॉस्पिटल के पास और एसएनपी एरिया में अवैध रूप से खड़े ऑटो व ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की। नो पार्किंग जोन में खड़े कई वाहनों को हटाया गया और कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
ऑटो चालकों को हिदायत दी गई कि वे केवल निर्धारित स्टैंड पर ही वाहन लगाएं और वहीं से सवारी बैठाएं। साथ ही दुकानदारों को फुटपाथ खाली रखने दुकानों के सामने डस्टबिन रखने और सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इस अभियान में राजस्व पदाधिकारी चंद्रगुप्त अशोक वर्धन, नगर प्रबंधक ज्योति पुंज, रेवेन्यू इंस्पेक्टर प्रकाश टोप्पो समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। नगर आयुक्त ने कहा कि साकची जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था और साफ-सफाई बनाए रखना जरूरी है। JNAC की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

