1000217974

गढ़वा में जंगली हाथी का आतंक, 70 वर्षीय महिला को कुचलकर मार डाला, घर भी किया क्षतिग्रस्त…

खबर को शेयर करें
1000217974

Jharkhand: झारखंड के गढ़वा जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रंका थाना क्षेत्र के भौरी गांव से सामने आया है जहां जंगल गई एक वृद्ध महिला को हाथी ने कुचलकर मार डाला। मृतका की पहचान 70 वर्षीय चिलबिलिया कुंवर के रूप में हुई है जो गांव में अकेली रहती थीं। उनके पति जगत सिंह का पहले ही देहांत हो चुका था।

परिजनों के अनुसार चिलबिलिया कुंवर सुबह करीब 7 बजे जंगल में डोरी और जंगली सब्जियां चुनने गई थीं लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। खोजबीन के दौरान उनका शव जंगल में बुरी तरह कुचला हुआ मिला। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला अकेली थी और हाथी ने उस पर अचानक हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही चुटिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सम्भु प्रसाद गुप्ता ने तुरंत रंका थाना पुलिस और वन विभाग को सूचित किया। दोनों टीमें मौके पर पहुंचीं और शव को बरामद किया गया।

गढ़वा जिले के कई इलाकों में पिछले एक महीने से जंगली हाथियों का आतंक जारी है। इस दौरान हाथियों के हमलों में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। हाथियों ने कई घरों को भी नुकसान पहुंचाया और उनमें रखा अनाज खा गए। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग इस संकट से निपटने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है।

लगातार हो रही घटनाओं से गांवों में डर और गुस्से का माहौल है।