जमशेदपुर में भारी बारिश की चेतावनी! 10 जुलाई को कक्षा 12 तक सभी स्कूलों में अवकाश घोषित…

Jamshedpur news: भारत मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी सिंहभूम जिले में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से भीषण वर्षा की संभावना जताई गई है। जन-जीवन और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 10 जुलाई 2025 को जिले के कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, निजी और अल्पसंख्यक स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
यह निर्णय आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 के तहत लिया गया है। जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर आगे के निर्देश भी समय पर जारी किए जाएंगे। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित विद्यालयों पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सभी लोगों से हमारा अनुरोध है कि मौसम को देखते हुए बिना आवश्यक कार्य के घर से बाहर न निकलें और पूरी सावधानी बरतें।

