गुजरात वडोदरा पुल हादसा नया अपडेट! अब तक 9 की मौत, 45 साल पुराने पुल को लेकर बड़ी लापरवाही का आरोप…

Azad Reporter desk: गुजरात के वडोदरा में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ जब महिसागर नदी पर बना 45 साल पुराना पुल टूट गया। हादसे के समय कई गाड़ियां पुल पर थीं। दो ट्रक दो कार और एक रिक्शा नदी में गिर गए जबकि एक टैंकर टूटे हुए हिस्से पर फंस गया।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। 8 लोगों को स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए बचा लिया जबकि एक बच्चा अब भी लापता है। फायर ब्रिगेड की तीन टीमें मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।
इस पुल का इस्तेमाल मध्य गुजरात और सौराष्ट्र को जोड़ने के लिए किया जाता था लेकिन अब इसके टूटने से भरूच, सूरत, नवसारी, तापी और वलसाड जैसे शहरों से सौराष्ट्र पहुंचने में ज्यादा समय लगेगा। अब लोगों को अहमदाबाद होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन को कई बार इस पुल की मरम्मत के लिए कहा गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि हादसे के तुरंत बाद उन्होंने खुद ही बचाव अभियान शुरू किया। एक स्थानीय व्यक्ति अतुल पढियार ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ रिक्शा लेकर मौके पर पहुंचे और एक डूबती महिला को बचाया। कई लोगों को चोटें भी आई हैं जिनका इलाज चल रहा है।
यह हादसा प्रशासन की लापरवाही और जर्जर हो चुके इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर साफ़ – साफ इशारा कर रहा है।

