1000217567

धान रोपनी के लिए जा रहे मजदूरों की गाड़ी पर गिरा बिजली का तार, महिला समेत कई घायल…

खबर को शेयर करें
1000217567

Jharkhand: पश्चिम सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सारुगाड़ा गांव के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। धान रोपनी के लिए जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप वाहन पर अचानक बिजली का तार गिर गया जिससे वाहन में सवार कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार करीब 30 मजदूर सारुगाड़ा गांव से जोमरो गांव के खेतों में धान रोपनी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सारुगाड़ा के पास चलते पिकअप वाहन पर अचानक बिजली का जर्जर तार टूटकर गिर गया। तार गिरते ही जोरदार झटका लगा और अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों में जस्टीन पूर्ति (35), बालेन पूर्ति (40), याकूब पूर्ति (26), सुलेमान तोपनो (40), जूलीयान पूर्ति (20), अभिराम टूटी समेत कई महिलाएं भी शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और विद्युत विभाग को जानकारी दी गई। विद्युत आपूर्ति को तुरंत बंद कर तार को हटाया गया। सभी घायलों को आनन-फानन में चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।

फिलहाल घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है लेकिन घटना ने ग्रामीण इलाकों में जर्जर बिजली तारों की हालत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।