1000217563

खूंटी में मजदूरों को ‘मनोरंजन बैंक’ के नकली नोट से भुगतान का आरोप, वन विभाग ने किया इनकार…

खबर को शेयर करें
1000217563

Jharkhand: जिले के तोरपा प्रखंड के एरमेरे गांव में एक अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां मजदूरों ने वन विभाग पर नकली ‘मनोरंजन बैंक’ के नोट से भुगतान करने का गंभीर आरोप लगाया है। इन नोटों पर साफ तौर पर ‘मनोरंजन बैंक ऑफ इंडिया’ लिखा था जो बच्चों के खेलने वाले नोट होते हैं।

मजदूरों का कहना है कि उन्होंने गांव में चल रहे पौधारोपण कार्य के तहत मेहनत से काम किया लेकिन जब मजदूरी का समय आया तो उन्हें नकली नोट पकड़ा दिए गए। यह काम वनरक्षी द्वारा किया गया ऐसा आरोप ग्राम प्रधान बेनार्ड आइंड ने लगाया है।

गांव में वन विभाग द्वारा 25,000 पौधों का रोपण कार्य किया जा रहा है। ग्राम प्रधान के अनुसार वनरक्षी राहुल कुमार महतो ने उन्हें नकली नोटों का बंडल देकर मजदूरों में बांटने को कहा। जब मजदूरों ने इन नोटों से दुकान पर सामान खरीदना चाहा तो उन्हें पता चला कि नोट नकली हैं। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और मजदूरों में नाराज़गी फैल गई।

मजदूरों ने कहा कि उनके साथ मज़ाक किया गया और उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई गई।

इस पूरे मामले पर वन विभाग के प्रभारी वनरक्षी अविनाश लुगुन ने सफाई देते हुए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि “यह एक अफवाह है और विभाग को बदनाम करने की साजिश की जा रही है।”

उन्होंने बताया कि विभाग मजदूरों को सीधे बैंक खातों के माध्यम से भुगतान करता है न कि नकद में। अविनाश लुगुन ने बताया कि वनरक्षी राहुल कुमार महतो कटहल लेने गांव गए थे और वहां एक ग्रामीण के पास मनोरंजन बैंक के नोट पहले से थे। राहुल ने इन्हें केवल देखने के लिए मांगा था लेकिन कटहल हाथ में होने के कारण गलती से नोटों का बंडल ग्राम प्रधान को पकड़ा दिया।

विभाग का कहना है कि यह पूरी घटना एक गलतफहमी है जिसे जानबूझकर तूल दिया जा रहा है।