1000217337

बिहार बंद का जोरदार असर! पांच शहरों में हाईवे जाम, ट्रेनों को रोका, कई जिलों में प्रदर्शन और आगजनी…

खबर को शेयर करें
1000217337

Azad Reporter desk: वोटर वेरिफिकेशन प्रक्रिया के विरोध में महागठबंधन और विपक्षी दलों द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का असर पूरे राज्य में देखने को मिला। बुधवार को हुए इस बंद के दौरान कई शहरों में सड़कों और रेल मार्गों पर जाम लगा दिया गया जगह-जगह आगजनी हुई और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। इस विरोध में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी पटना पहुंचे और बंद का समर्थन किया।

राज्य भर में यहां— यहां हुआ प्रदर्शन—

•भोजपुर (बिहिया स्टेशन) : पूर्व आरजेडी विधायक भाई दिनेश ने समर्थकों के साथ मिलकर श्रमजीवी एक्सप्रेस और विभूति एक्सप्रेस को तीन मिनट तक रोका और सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
•बेगूसराय : NH-31 को आरजेडी कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाए।
•जहानाबाद : महागठबंधन नेताओं ने मेमू पैसेंजर ट्रेन को रोका। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को ट्रैक से हटाया।
•दरभंगा : प्रदर्शनकारियों ने नमो भारत ट्रेन को रोका, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
•पटना (मनेर) : NH-30 पर प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की। वहीं सचिवालय हॉल्ट पर सांसद पप्पू यादव ने ट्रेन रोककर प्रदर्शन किया।
•आरा-सासाराम मार्ग : माले (CPI-ML) कार्यकर्ताओं ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया जिससे सैकड़ों गाड़ियां फंस गईं।
•आरा-मोहनिया मार्ग : RJD कार्यकर्ताओं ने सड़क पर आगजनी की।
•सासाराम : NH-106 को पूरी तरह बंद कर दिया गया।
•कटिहार : सड़क जाम की वजह से महिलाएं रास्ता छोड़ने की गुहार लगाती रहीं लेकिन प्रदर्शनकारियों ने आवागमन नहीं होने दिया।

कई जगहों पर तनावपूर्ण माहौल बन गया जिसके चलते पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। कुछ इलाकों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

वोटर लिस्ट पुनरीक्षण को लेकर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है जिसमें चुनाव आयोग के आदेश को रद्द करने की मांग की गई है। इस पर सुनवाई 10 जुलाई को होगी।