आदित्यपुर में बड़ी चोरी: बंद घर से 10 लाख के गहने और अल्टो कार लेकर भागे चोर…

Jharkhand: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के पान दुकान कॉलोनी में सोमवार देर रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने रोड नंबर-6 पर रहने वाले संजय कुमार के बंद घर का ताला तोड़कर वहां से करीब 10 लाख रुपये के गहने 20 हजार रुपये नकद और एक अल्टो कार चुरा ली।
संजय कुमार अपनी पत्नी आशा वर्मा के साथ गांव कोडरमा गए हुए थे। जब मंगलवार सुबह वे लौटे तो देखा कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है और अलमारी खुली पड़ी है। घर के अंदर रखे गहने और पैसे गायब थे साथ ही बाउंड्री के अंदर खड़ी मैरून रंग की अल्टो कार भी नहीं थी।
आशा वर्मा ने बताया कि ये गहने उनकी बेटी की शादी के लिए रखे गए थे जो बेंगलुरु में नौकरी करती है। उन्होंने बताया कि चोरों ने घर में रखे टूल किट से अलमारी का ताला तोड़ा और दीवार पर टंगी कार की चाबी लेकर गाड़ी भी ले गए।
चोरी की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।
इलाके के लोगों में इस घटना के बाद डर और गुस्सा है। लोग चाहते हैं कि पुलिस जल्द से जल्द चोरों को पकड़कर सख्त कार्रवाई करे।


