जादूगोड़ा में पुलिस की छापेमारी: पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह शराब के साथ गिरफ्तार, फिर छोड़े जाने पर उठे सवाल…

Jamshedpur news: जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के राखाकॉपर इलाके में रविवार रात पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल के नेतृत्व में रात करीब 10:30 बजे यह छापेमारी की गई। पुलिस को इलाके में लगातार अवैध शराब की बिक्री की शिकायत मिल रही थी।
सूचना के आधार पर पुलिस मनीष सिंह उर्फ भोलू के घर छापेमारी करने गई थी, लेकिन गलती से टीम पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह की दुकान में घुस गई। तलाशी के दौरान वहां से 8-9 बोतल शराब बरामद की गई जिसके बाद पुलिस ने दिलीप सिंह को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई।
पूछताछ के दौरान दिलीप सिंह ने दावा किया कि इलाके में शराब की दुकानें तीन-चार दिन से बंद थीं इसलिए उन्होंने शराब अपने निजी उपयोग के लिए मंगाई थी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लेन-देन के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
दिलीप सिंह कभी जादूगोड़ा भाजपा मंडल के अध्यक्ष रह चुके हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है। जहां एक ओर पुलिस की सख्ती की सराहना हो रही है वहीं दूसरी ओर दिलीप सिंह को शराब के साथ पकड़े जाने के बावजूद छोड़ देने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस कार्रवाई से अवैध शराब बेचने वालों में हड़कंप मच गया है। बावजूद इसके जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लगातार जारी है जिसे लेकर स्थानीय लोग प्रशासन से ठोस कदम की मांग कर रहे हैं।

