पलामू हिंसा में घायलों का अस्पता 585x306 1

जुलूस में दो पक्षों में हुई झड़प, इलाके में 48 घंटे के लिए धारा 144 लागू

खबर को शेयर करें

पलामू: पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के पाल्हे कला गांव में रविवार शाम मुहर्रम के जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच अचानक विवाद हो गया जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पत्थरबाजी और तलवार से हमले में कई लोग घायल हो गए। हमले में दो सगे भाई गौतम कुमार सिंह और प्रवीर सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें मेदिनीनगर के आशी केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।घटना के बाद मेदिनीनगर सदर एसडीएम सुलोचना मीणा ने हालात को काबू में करने के लिए इलाके में 48 घंटे के लिए धारा 144 लागू कर दी है।

यह आदेश रविवार 7 जुलाई की रात 12 बजे से प्रभावी हुआ और अगले 48 घंटे तक लागू रहेगा। इसके तहत चार या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, किसी भी जुलूस या सार्वजनिक सभा पर पूरी तरह से रोक रहेगी।पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन और एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

प्रशासन ने साफ किया है कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।