झारखंड के वरिष्ठ IPS डॉ. संजय ए. लाठकर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर, परमाणु ऊर्जा विभाग में आई.जी. सिक्योरिटी का संभालेंगे पद…

Jharkhand: झारखंड कैडर के 1995 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी डॉ. संजय आनंदराव लाठकर को झारखंड सरकार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने का निर्णय लिया है। वे अब भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग में आई.जी. (सिक्योरिटी) के पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके लिए झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 7 जुलाई 2025 को अधिसूचना जारी की गई।
डॉ. लाठकर वर्तमान में झारखंड पुलिस में एडीजी रेल के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे आई.जी. ऑपरेशंस जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवा दे चुके हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने कई सफल अभियान चलाए और राज्य में शांति बहाली में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राज्य के संवेदनशील क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को बनाए रखने में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया गया है। उनका यह नया कार्यभार देश की सुरक्षा व्यवस्था में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है।

