1000215451

रामगढ़ में खाद्यान्न वितरण की जांच करने पहुंची केंद्रीय टीम, गोदामों और दुकानों की व्यवस्था को बताया संतोषजनक…

खबर को शेयर करें
1000215451

Jharkhand: झारखंड में खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था पर अब केंद्र सरकार भी नजर बनाए हुए है। इसी कड़ी में भारत सरकार की एक विशेष टीम रामगढ़ पहुंची और यहां खाद्यान्न के उठाव, वितरण और रखरखाव का निरीक्षण किया।

केंद्रीय टीम में शामिल भारत सरकार की अवर सचिव मंजुला डेनियल और एएसओ रितु चौधरी को जिले के आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत टोप्पो ने विभिन्न जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों, पैक्स और झारखंड राज्य खाद्य निगम के गोदामों का दौरा कराया।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था को संतोषजनक बताया। उन्होंने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी की तारीफ की, जिससे निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी हुई है। टीम ने कहा कि आमतौर पर जिन स्थानों पर चोरी जैसी घटनाएं होती हैं वहां ऐसी निगरानी से व्यवस्था मजबूत हो जाती है।

टीम ने खाद्यान्न के उठाव, वितरण और भंडारण को लेकर की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि गोदामों और दुकानों में अनाज की उपलब्धता, वितरण की प्रक्रिया और रखरखाव सही तरीके से किया जा रहा है।

केंद्रीय टीम ने रामगढ़ के अलावा पतरातु, मांडू, गोला, चितरपुर और दुलमी प्रखंडों का भी दौरा किया। वहां टीम ने लाभार्थियों से सीधी बातचीत की और उनसे पूछा कि उन्हें खाद्यान्न समय पर और सही मात्रा में मिल रहा है या नहीं। अधिकतर लाभार्थियों ने सकारात्मक जवाब दिए।