1000215450

झारखंड कांस्टेबल भर्ती विज्ञापन रद्द, अब नई नियमावली के तहत होगी बहाली, पुराने अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत…

खबर को शेयर करें
1000215450

Jharkhand: झारखंड में कांस्टेबल बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा 2023 में जारी की गई कांस्टेबल भर्ती का विज्ञापन अब राज्य सरकार ने रद्द कर दिया है। अब यह बहाली हाल ही में लागू की गई संयुक्त भर्ती नियमावली 2025 के तहत होगी।

यह फैसला मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया जिसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी मंजूरी दे दी है। अब यह प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए राज्य कैबिनेट के पास भेजा जाएगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही नए नियमों के आधार पर नया विज्ञापन निकाला जाएगा।

संयुक्त भर्ती नियमावली 2025 को 12 मार्च 2025 को कैबिनेट में मंजूरी दी गई थी। इसके तहत अब पुलिस कांस्टेबल, जेल प्रहरी, गृह रक्षा वाहिनी और उत्पाद सिपाही की भर्ती एक साथ की जाएगी। यह नियमावली पारदर्शिता और समानता को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है।

रद्द किए गए विज्ञापन के अनुसार 4919 पदों पर भर्ती होनी थी जिनमें 3799 नियमित और 1120 बैकलॉग पद शामिल थे। इसके लिए 15 जनवरी से 28 फरवरी 2024 तक आवेदन लिए गए थे। लाखों युवाओं ने इसमें आवेदन किया था लेकिन परीक्षा शुरू नहीं हो सकी।

राज्य सरकार ने पुराने अभ्यर्थियों को निराश न करते हुए कुछ राहत देने का फैसला किया है—
अधिकतम आयु सीमा वही रहेगी जो पुराने विज्ञापन में थी (1 अगस्त 2019 के आधार पर)
न्यूनतम आयु सीमा 1 अगस्त 2023 मानी जाएगी
पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों से दोबारा आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा

इस फैसले पर विपक्ष ने सरकार की कड़ी आलोचना की है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि डेढ़ साल बाद विज्ञापन रद्द कर सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि पिछले 6 सालों से झारखंड के युवा फर्जी परीक्षा कैलेंडर, पेपर लीक और झूठे विज्ञापनों के झांसे में जी रहे हैं। उन्होंने सरकार से दलित, आदिवासी और गरीब युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग की।

अब सरकार जल्द ही संयुक्त नियमावली के तहत नया विज्ञापन जारी करेगी। कोशिश यही रहेगी कि पुराने अभ्यर्थियों को पूरा मौका मिले और कोई भी युवा इस प्रक्रिया से बाहर न हो।

झारखंड में नौकरी की उम्मीद लगाए युवाओं के लिए यह एक झटका जरूर है लेकिन सरकार की ओर से राहत की उम्मीद भी जताई जा रही है। अब सबकी नजरें नए विज्ञापन और उसके जल्द जारी होने पर टिकी हैं।