क्रिकेट को मिलेगा अब नया दृष्टिकोण, संजोग गुप्ता संभालेंगे ICC की पूरी कमान…

Azad Reporter desk: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने संजोग गुप्ता को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। वह आईसीसी के सातवें CEO होंगे और सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे।
ICC ने मार्च 2025 में इस पद के लिए वैश्विक भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी, जिसमें 25 देशों से 2,500 से ज्यादा आवेदनों में से 12 नाम शॉर्टलिस्ट किए गए थे। इनमें से सर्वसम्मति से संजोग गुप्ता का चयन किया गया।
ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा “संजोग के पास खेल की रणनीति।व्यवसायिक विस्तार और मीडिया की गहरी समझ है। उनकी सोच क्रिकेट को पारंपरिक सीमाओं से आगे ले जाने और ओलंपिक जैसे वैश्विक मंच पर स्थापित करने में मदद करेगी।”
जय शाह ने आगे कहा कि नॉमिनेशन कमिटी में शामिल डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा, ईसीबी चेयरमैन रिचर्ड थॉम्पसन, श्रीलंका क्रिकेट अध्यक्ष शम्मी सिल्वा और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया सभी ने संजोग के नाम पर सहमति जताई। इसके बाद आईसीसी बोर्ड ने भी इसे मंजूरी दी।
नए सीईओ बनने पर संजोग गुप्ता ने कहा “यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे क्रिकेट के इस रोमांचक दौर में नेतृत्व करने का मौका मिला है। दो अरब से ज्यादा फैंस का समर्थन महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और तकनीक का बढ़ता प्रभाव ये सभी क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि क्रिकेट का लॉस एंजेल्स ओलंपिक 2028 में शामिल होना और डिजिटल क्रांति इस खेल को दुनियाभर में और तेजी से लोकप्रिय बना सकते हैं।
संजोग गुप्ता ने अपने करियर की शुरुआत एक पत्रकार के रूप में की थी। वर्ष 2010 में वे स्टार इंडिया से जुड़े और 2020 में डिज्नी-स्टार में स्पोर्ट्स हेड बने। उन्होंने आईसीसी टूर्नामेंट, IPL, प्रो कबड्डी और इंडियन सुपर लीग जैसे आयोजनों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने मल्टी-लैंग्वेज स्पोर्ट्स कवरेज, डिजिटल फर्स्ट अप्रोच और महिला खेलों के लिए विशेष कार्यक्रमों को बढ़ावा देकर खेल के दायरे को बड़ा किया।
ICC को अब उनसे यह उम्मीद है कि वे क्रिकेट को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

