Adityapur: पानी की निकासी नहीं होने से वार्ड 16 और 17 जलमग्न, घरों में कैद हुए लोग, नगर निगम पर फूटा गुस्सा…

Jharkhand: झारखंड में हो रही लगातार बारिश के चलते आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 और 17 में जलजमाव की गंभीर स्थिति बन गई है। सोमवार को दोपहर बाद तक इन क्षेत्रों की कई गलियों और मोहल्लों में पानी भर गया जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। नालियों की सही निकासी व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निचले इलाकों में पानी घरों के अंदर तक घुस गया जिससे लोगों का घरेलू सामान भी खराब हो गया है। वार्ड 17 में रहने वाले लोग दिनभर अपने घरों में कैद रहे। वहीं वार्ड 16 की गलियां भी पूरी तरह जलमग्न हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है जो पूरी तरह घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
इस स्थिति को लेकर लोगों में नगर निगम प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। खासतौर पर वार्ड 17 में बने बड़े अपार्टमेंट्स और फ्लैट्स में रहने वाले लोगों ने शिकायत की कि उन्होंने जीवन भर की कमाई लगाकर मकान खरीदे हैं लेकिन हर बारिश में उन्हें जलजमाव की समस्या से जूझना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से अविलंब स्थायी समाधान की मांग की है ताकि हर साल बारिश में होने वाली इस परेशानी से उन्हें राहत मिल सके।

