Bihar/ Patna : फेमस यूट्यूबर मनीष कश्यप जन सुराज पार्टी में हुए शामिल, प्रशांत किशोर ने दिलाई सदस्यता, लड़ सकते हैं चुनाव…

Azad Reporter desk: चर्चित यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता मनीष कश्यप ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का साथ छोड़ने के बाद अब जन सुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। सोमवार को पटना स्थित शेखपुरा हाउस में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मनीष कश्यप को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर मनीष कश्यप भावुक हो गए और कहा “मेरे पास शब्द नहीं हैं, मैं कुछ नहीं बोल पा रहा हूं।”
प्रशांत किशोर ने इस अवसर पर कहा कि मनीष कश्यप बिहार का वह युवा है जो राज्य को बदलना चाहता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को ‘बिहारी’ कहलाने में शर्म न महसूस हो। उन्होंने मनीष को एक संघर्षशील युवा बताते हुए कहा कि वह किसी उद्योगपति का बेटा नहीं बल्कि मेहनत और साहस की बदौलत पहचान बनाने वाला एक आम बिहारी है। किशोर ने आगे कहा कि मनीष पार्टी की अहम आवाज बनेंगे और बदलाव की दिशा में बड़ी भूमिका निभाएंगे।
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मनीष कश्यप ने कहा “मैं 13 महीने भाजपा में रहा लेकिन बिहार की सच्चाई किसी से छुपी नहीं है। यहां लूट मची हुई है। बिहार को सुरक्षित और विकसित करने के लिए जन सुराज की सरकार बनाना जरूरी है।”
उन्होंने आगे कहा कि 2025 का विधानसभा चुनाव बिहार के भाग्य का चुनाव होगा। यदि जनता ने प्रशांत किशोर को मौका दिया तो अगले 5 साल बिहार के युवाओं, किसानों और आम लोगों के होंगे।
सूत्रों के अनुसार मनीष कश्यप को पश्चिम चंपारण जिले की चनपटिया विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। बता दें कि उन्होंने 25 अप्रैल 2024 को भाजपा की सदस्यता ली थी लेकिन करीब डेढ़ साल बाद 7 जून 2025 को फेसबुक लाइव के जरिए पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी थी।

