Bihar/Patna! बड़े कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड में बड़ा खुलासा जल्द, DGP बोले “हम केस के बहुत नजदीक हैं”…

Azad Reporter desk: चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या मामले में बिहार पुलिस तेजी से जांच कर रही है। सोमवार को DGP विनय कुमार ने बताया कि पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम केस के बेहद करीब हैं और एक-दो दिन में सच्चाई सामने आ सकती है।
DGP ने बताया कि पटना के बांकीपुर क्लब का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है, लेकिन वहां का बैकअप उपलब्ध नहीं हो पाया है। इससे पहले रविवार को उन्होंने बताया था कि पटना और वैशाली जिलों में रातभर छापेमारी की गई। पुलिस ने कई जगहों पर दबिश देकर दर्जन भर से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद आसपास के CCTV कैमरों की मदद से हमलावर की बाइक को ट्रैक किया गया है लेकिन उसने हेलमेट पहन रखा था जिससे पहचान में मुश्किल आ रही है।
गौरतलब है कि यह घटना शुक्रवार देर रात पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास हुई थी। अज्ञात हमलावरों ने व्यापारी गोपाल खेमका को गोली मार दी थी। इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने एसआईटी (विशेष जांच टीम) का गठन किया है और सभी खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय कर दिया गया है।
इस हत्याकांड के बाद व्यापारियों में भारी गुस्सा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

