चाईबासा में पिकअप वैन से टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत…

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा नोवामुंडी-जगन्नाथपुर मुख्य मार्ग पर टोंटोपोसी गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार किरीबुरू के जाटाहटिंग गांव निवासी 25 वर्षीय हेमांशु साहू और 24 वर्षीय सुजीत समाड अपनी बाइक (JH06U 5767) से जगन्नाथपुर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8 बजे सामने से आ रही एक महिंद्रा पिकअप वैन (JH05CP 9203) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद पिकअप वैन का चालक घटनास्थल से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। नोवामुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए TMH अस्पताल नोवामुंडी के शीतगृह में भिजवाया। सोमवार को कानूनी प्रक्रिया के तहत शवों को चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं फरार पिकअप वैन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

