1000214936

झारखंड: बालू कारोबारी ने खरीदी 8 एकड़ जमीन, कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के भाई पर ईडी की जांच तेज…

खबर को शेयर करें
1000214936

Jharkhand: झारखंड में कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के भाई अंकित राज के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच तेज हो गई है। ईडी को जांच के दौरान पता चला है कि अंकित राज ने अवैध बालू कारोबार से अर्जित पैसे से हजारीबाग जिले में पिछले पांच वर्षों में लगभग आठ एकड़ जमीन खरीदी है। जमीन की कुल सरकारी कीमत 1.70 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ईडी की जांच के अनुसार, वर्ष 2019 से 2023 के बीच अंकित राज ने 15 रजिस्ट्री डीड के माध्यम से हजारीबाग के 9 मौजा केरेडारी, नयाखाप, हुपद, नवादा, छावनी, सिकरी, भदईखाप, सदामपुर और बहोरनपुर में यह जमीन खरीदी।

बालू कारोबार को लेकर अंकित राज ने मेसर्स अंकित राज सैंड स्टॉकयार्ड नाम से एक कंपनी बना रखी थी। इसके अलावा मां अष्टभुजा सेरामिक्स और एसकेएस इंटरप्राइजेज नाम की दो अन्य कंपनियों पर भी उसका नियंत्रण था।

ईडी को मिले दस्तावेजों के मुताबिक अंकित राज ने अकेले बहोरनपुर मौजा में ही 316 डिसमिल जमीन खरीदी है। वहीं सदामपुर में 286.2 डिसमिल, केरेडारी में 78 डिसमिल, भदईखाप में 44.75 डिसमिल और नयाखाप में 30 डिसमिल जमीन की खरीदारी की गई है।

ईडी की टीम ने अंकित राज के चार्टर्ड अकाउंटेंट बादल गोयल के आवास पर भी छापेमारी की। इस दौरान 15 लाख रुपये नकद और कई डिजिटल दस्तावेज बरामद किए गए हैं। ईडी को आशंका है कि अंकित राज द्वारा की गई सारी खरीद-फरोख्त की जानकारी बादल गोयल के पास है। ऐसे में उनसे भी जल्द पूछताछ की जाएगी।

ईडी अब यह जांच कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी जमीन खरीदने के लिए धन कहां से आया और किस स्रोत से निवेश हुआ। जांच में और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।