1000214741

Jharkhand: जहां एक ओर बेटे की सफलता ने घर में खुशियों की दस्तक दी, वहीं दूसरी ओर पिता की हत्या ने ग़म का साया फैला दिया…

खबर को शेयर करें
1000214741

Jharkhand: रविवार को गुमला जिले में एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना घटी जिसने पूरे शहर को हिला दिया। शहर के जाने-माने व्यवसायी विनोद जाजोदिया की उस वक्त हत्या कर दी गई जब वे शाम को ब्रेड लेकर घर लौट रहे थे। हमलावर ने उन पर भुजाली (धारदार हथियार) से ताबड़तोड़ वार किए।

रविवार को ही CA (Chartered Accountancy) परीक्षा का रिजल्ट आया था। विनोद जाजोदिया के बेटे गोविंद जाजोदिया ने परीक्षा पास की थी जिससे परिवार में जश्न का माहौल था। लेकिन शाम होते-होते वह खुशी मातम में बदल गई, जब पिता की हत्या की खबर घर पहुंची।

यह हमला सिसई रोड पर संत इग्नेसियस स्कूल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय युवक ने ही विनोद जाजोदिया पर हमला किया। पहले उन्हें गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया फिर रांची Rims रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही सिसई के पास उनकी मौत हो गई।

पुलिस को मिली CCTV फुटेज में एक युवक विनोद जाजोदिया पर हमला करता दिखा। जांच में पता चला है कि इस हमले में तीन लोग शामिल थे दो ने रेकी की और एक ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हमलावर युवक से विनोद जाजोदिया का कुछ महीने पहले विवाद हुआ था जो बाद में सुलझा दिया गया था। लेकिन हमलावर ने मौका पाकर सुनसान सड़क पर वारदात को अंजाम दे डाला।

घटना के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी विनोद जाजोदिया के घर पहुंचे। गुमला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि अगर शहर के बीचोंबीच हत्या हो सकती है तो यह प्रशासन की विफलता है। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

बीते कुछ समय से गुमला में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने आम लोगों को डरा दिया है। अब प्रशासन पर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।