Jamshedpur: मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन सतर्क !! DC और SSP ने किया कंट्रोल रूम का निरीक्षण…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को DC कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने साकची स्थित कंपोजिट कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगे CCTV कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी की।

निरीक्षण के दौरान सिटी SP कुमार शिवाशीष समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके बाद DC और SSP ने शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर मुहर्रम के जुलूस मार्गों की विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पदाधिकारियों को चौकस रहने और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

DC ने जुलूस मार्ग पर तैनात मेडिकल टीम, स्वयंसेवकों और अन्य सहयोगी कर्मियों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग जिला नियंत्रण कक्ष से लगातार संपर्क में रहें और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करें।

इसके साथ ही उपायुक्त ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष नजर है। किसी भी तरह की अफवाह, धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाली या भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि पर्व को शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं और किसी भी अफवाह में न आएं।

इस मौके पर नगर निगम, पुलिस प्रशासन, शांति समिति के सदस्य, दंडाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।


