रांची में आज मुहर्रम जुलूस को लेकर ड्राई डे, ट्रैफिक रूट में बदलाव, 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात…

Jharkhand: राजधानी रांची में आज रविवार को मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा है। इसे लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर में ड्राई डे घोषित किया गया है और कई सड़कों पर ट्रैफिक में बदलाव किया गया है। रांची ट्रैफिक एसपी कैलाश करमाली ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद
प्रशासन के आदेश के अनुसार रविवार सुबह 10 बजे से लेकर मुहर्रम जुलूस समाप्त होने तक मेन रोड (महात्मा गांधी मार्ग) पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इसके साथ ही कर्बला चौक और डोरंडा यूनुस चौक में भी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
ये मार्ग रहेंगे प्रभावित:
•किशोरी यादव चौक से शहीद चौक
•राजेंद्र चौक से कमांडेंट आवास मोड़
•सुभाष चौक से महावीर मंदिर
•प्लाजा चौक से अलबर्ट एक्का चौक
•कर्बला चौक से रतन टॉकीज
•चडरी तालाब से अलबर्ट एक्का चौक
•कचहरी चौक, कडरू, मेकॉन से मेन रोड की ओर आने वाले मार्ग
मुहर्रम के मद्देनजर रांची जिले में आज ड्राई डे घोषित किया गया है। सहायक उत्पाद आयुक्त ने आदेश जारी कर सभी शराब की खुदरा और थोक दुकानें बार और क्लब को बंद रखने का निर्देश दिया है। आदेश के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डोरंडा से लेकर मेन रोड तक पूरे शहर में 1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा राज्यभर में 5000 होमगार्ड और 3600 सशस्त्र बल की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरा और सीसीटीवी की मदद से निगरानी रखी जा रही है।

