IMG 20250705 143251

Koderma: नोट्स भीगने पर UKG के छात्र को प्रिंसिपल ने बेरहमी से पीटा, अस्पताल में कराया गया भर्ती…

खबर को शेयर करें
IMG 20250705 143251

Jharkhand: कोडरमा जिले के असनाबाद स्थित साईं इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां UKG में पढ़ने वाले महज सात साल के छात्र राज कुमार को स्कूल के ही प्रिंसिपल ने बेरहमी से पीट दिया। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है जब छात्र ने अपनी नोट्स की कॉपी पानी में भिगो दी थी।

परिजनों का आरोप है कि इस छोटी सी बात पर प्रिंसिपल रितेश कुमार गुस्से में आ गए और डंडे से बच्चे की पिटाई कर दी। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि बच्चे के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पड़ गए और कई जगह से त्वचा तक छिल गई।

राज कुमार के मामा भानु सिंह ने बताया कि जब वह अचानक स्कूल पहुंचे तो उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने बच्चे को तत्काल नवलशाही स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना को लेकर परिजनों ने शनिवार को नवलशाही थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वहीं स्कूल के प्रिंसिपल रितेश कुमार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि छात्र ने पिछले छह महीनों के नोट्स बर्बाद कर दिए थे जिससे वह आक्रोशित हो गए और ग़लती कर बैठे। उन्होंने परिजनों से माफी भी मांगी है।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बच्चे की स्थिति पर भी नजर बनाए हुए है।