1000213327

पटना में व्यापारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या, 6 साल पहले बेटे की भी हुई थी हत्या…

खबर को शेयर करें
1000213327

Azad Reporter desk: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के राम गुलाम चौक के पास प्रसिद्ध व्यवसायी और मगध अस्पताल के मालिक गोपाल खेमका की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 11:40 बजे की है जब वे अपनी गाड़ी से उतरकर घर की ओर जा रहे थे। उसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया।

यह मामला इसलिए और गंभीर हो गया है क्योंकि करीब 6 साल पहले उनके बेटे गुंजन खेमका की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय यह वारदात वैशाली जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुई थी। अब पिता की हत्या से सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही गांधी मैदान थाना की पुलिस पटना सेंट्रल की एसपी दीक्षा और कई अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी दीक्षा ने बताया कि मौके से एक गोली और एक खोखा बरामद किया गया है। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

SP के अनुसार अपराधी बाइक से आए थे और उन्होंने एक गोली चलाई जो गोपाल खेमका को लगी।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठे हैं क्योंकि लोगों का कहना है कि पुलिस घटनास्थल पर देर से पहुंची। हालांकि पुलिस ने कहा कि जैसे ही सूचना मिली टीम पहले अस्पताल और फिर घटनास्थल पर पहुंची।

घटना के बाद सांसद पप्पू यादव भी घटनास्थल पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की।

फिलहाल, हमलावर फरार हैं और हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है।