9 दिन 40 लाख किमी और एक इतिहास! शुभांशु शुक्ला ने तोड़ा राकेश शर्मा का रिकॉर्ड, बने अंतरिक्ष में सबसे लंबे समय तक रहने वाले भारतीय, ISS से निहारी धरती…

Azad Reporter desk: शुभांशु शुक्ला ने इतिहास रचते हुए भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वह अब अंतरिक्ष में सबसे लंबे समय तक रहने वाले भारतीय बन गए हैं। राकेश शर्मा ने साल 1984 में 7 दिन 21 घंटे और 40 मिनट अंतरिक्ष में बिताए थे वहीं शुभांशु अब तक 9 दिन से अधिक वक्त अंतरिक्ष में बिता चुके हैं।
शुभांशु, एक्सिओम-4 (Ax-4) मिशन के तहत अमेरिका की पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोस्ज उजनांस्की-विस्नीवस्की और हंगरी के टिबोर कापू ड्रैगन के साथ 26 जून को भारतीय समयानुसार शाम 4:01 बजे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पहुंचे थे। उन्होंने 3 जुलाई तक 113 बार पृथ्वी की परिक्रमा की और कुल 40.66 लाख किलोमीटर की दूरी तय की जो पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी से लगभग 12 गुना है।
एक दिन की छुट्टी मिलने पर उन्होंने अंतरिक्ष से ही अपने परिवार और दोस्तों से संपर्क साधा और अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा “मैं जब भी खाली होता हूं धरती को निहारता रहता हूं पारदर्शी वेंटेज प्वाइंट से जो दृश्य दिखते हैं वो अविस्मरणीय हैं।”
इतना ही नहीं अंतरिक्ष में भारतीय स्वाद का तड़का भी लगा। शुभांशु ने बताया कि उन्होंने अपने साथी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ मिलकर आम रस गाजर का हलवा और मूंग दाल हलवा का स्वाद लिया जो सभी को बेहद पसंद आया।
ISRO और NASA के संयुक्त मिशन में शामिल शुभांशु ने वैज्ञानिक अनुसंधान में भी अहम भूमिका निभाई। मिशन कमांडर पैगी व्हिटसन ने शून्य गुरुत्वाकर्षण में ट्यूमर कोशिकाओं के व्यवहार पर अध्ययन किया जो भविष्य में कैंसर उपचार में मददगार हो सकता है।
शुभांशु ने ‘एचएएम रेडियो’ के माध्यम से बेंगलुरु स्थित यू आर राव उपग्रह केंद्र (URSC) के वैज्ञानिकों से भी बात की और अपने मिशन के अनुभव साझा किए।
इस मिशन ने न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भारत को नई ऊंचाई दी है बल्कि भावनात्मक रूप से भी यह गौरव का क्षण है जब अंतरिक्ष में भी कोई भारतीय अपने परिवार, स्वाद और धरती से जुड़ा रहा।


