झारखंड में एक बार फिर ईडी की बड़ी कार्रवाई, अंबा प्रसाद और योगेंद्र साव से जुड़े 8 ठिकानों पर छापेमारी…

Jharkhand: झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची, हजारीबाग और बड़कागांव में पूर्व विधायक अंबा प्रसाद और उनके पिता व पूर्व मंत्री योगेंद्र साव से जुड़े 8 ठिकानों पर छापेमारी की।
कार्रवाई का केंद्र रांची का हरमू रोड स्थित किशोरगंज इलाका और हजारीबाग के बड़कागांव क्षेत्र रहा जहां ईडी की दो टीमें एक साथ पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक यह छापेमारी RKTCT ट्रांसपोर्टिंग कंपनी से जुड़े घोटाले की जांच के तहत की जा रही है। इस कंपनी पर वित्तीय अनियमितताओं और बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप है। ईडी ने अंबा प्रसाद के निजी सहायक संजीव साव, मनोज दांगी और पंचम कुमार के बड़कागांव स्थित ठिकानों पर भी छापा मारा।
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
इससे पहले मार्च 2024 में ईडी ने अंबा प्रसाद के हजारीबाग स्थित आवास और कार्यालय समेत 17 ठिकानों पर छापेमारी की थी जिसमें करीब 20 लाख रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे।
ईडी ने इस मामले में अंबा प्रसाद और योगेंद्र साव के खिलाफ ECIR (Enforcement Case Information Report) दर्ज की थी। इसके बाद रांची, हजारीबाग और मुंबई में भी उनके परिसरों पर छापेमारी की गई थी।
सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है। ईडी की लगातार सक्रियता से झारखंड की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।

