1000212439

जमशेदपुर में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 2.33 लाख महिलाओं के खातों में भेजे गए 58.25 करोड़ रुपये…

खबर को शेयर करें
1000212439

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले में झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुक महिलाओं को मई माह की किस्त मिलनी शुरू हो गई है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने जिले की 2 लाख 33 हजार महिलाओं के खातों में कुल 58 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि भेज दी है। हर लाभुक को 2500 रुपये की दर से यह धनराशि दी गई है।

बुधवार से बैंक खातों में पैसा पहुंचना शुरू हो गया है और उम्मीद है कि आने वाले दो-तीन दिनों में सभी पात्र महिलाओं को यह किस्त मिल जाएगी। जिले में इस योजना के कुल 2.64 लाख लाभुक पंजीकृत हैं जिनमें से 31 हजार महिलाओं की जांच की प्रक्रिया अभी जारी है।

इन 31 हजार लाभुकों में अधिकतर के बैंक खाते डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) से जुड़े नहीं हैं। इसलिए फिलहाल उन्हें राशि नहीं भेजी जा रही है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग की निदेशक नेहा संजना खल्को ने बताया कि नॉन-डीबीटी खातों की सूची सभी प्रखंडों में भेज दी गई है। महिलाओं से अपील की गई है कि वे अपने प्रखंड कार्यालय जाकर सूची में अपना नाम जांचें और डीबीटी की प्रक्रिया पूरी कराएं।

इससे पहले राज्यस्तरीय अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) में पूर्वी सिंहभूम जिले को मई माह की किस्त जारी करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद तुरंत बैंक को राशि ट्रांसफर कर दी गई।

गौरतलब है कि पहले जिले में 77 हजार लाभुकों को संदिग्ध मानकर जांच शुरू की गई थी जिनमें से अब तक 46 हजार लाभुकों की जांच पूरी हो चुकी है और उन्हें किस्त का लाभ दिया जा रहा है।

सरकार की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि अब केवल उन्हीं लाभुकों को योजना का लाभ मिलेगा जिनके बैंक खाते डीबीटी से जुड़े होंगे।