1000212333

झारखंड में CCL कर्मियों के पीएफ में करोड़ों की हेराफेरी, अब CBI करेगी जांच…

खबर को शेयर करें
1000212333

Jharkhand: झारखंड के रामगढ़ जिले में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के मृत कर्मचारियों के आश्रितों के पीएफ फंड में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी के मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी। इस मामले में सीबीआई ने छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

आरोप है कि कारपोरेशन बैंक की रामगढ़ शाखा में फर्जी तरीके से 44 बैंक खाते खोलकर पीएफ की रकम निकाली गई। यह पैसे CCL के मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को मिलने थे। इस हेराफेरी में बैंक प्रबंधक, CCL के अधिकारी और बिचौलियों की मिलीभगत सामने आई है।

CBI ने 30 जून को रामगढ़ थाना कांड संख्या 250/2021 को अपने अधीन लेकर इस मामले में नई प्राथमिकी दर्ज की है। इस केस में रामगढ़ के कारपोरेशन बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक संजय कुमार सिंह, त्रिपुरारी कुमार, उनकी पत्नी नूतन देवी, अजय प्रसाद, उनकी पत्नी सुषमा देवी और विनोद कुमार को आरोपित बनाया गया है। जांच की जिम्मेदारी सीबीआई के एएसपी सुधांशु शेखर को दी गई है।

इससे पहले वर्ष 2019 में भी CBI ने इसी तरह के पीएफ घोटाले में प्राथमिकी दर्ज कर चार्जशीट दाखिल की थी। उस केस में भी इन्हीं लोगों के नाम सामने आए थे। अब सुप्रीम कोर्ट में चल रहे एक मामले में यह साफ हुआ है कि पहले वाले केस से जुड़ी 38 फर्जी बैंक खाते इस नए मामले से भी जुड़े हुए हैं। शेष 6 खातों की जांच अभी जारी है।

रामगढ़ के सत्संग नगर के पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने इस मामले में 24 अगस्त 2021 को पहली बार FIR दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस जांच में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया। अब सीबीआई पूरे मामले की तह तक जाकर जांच करेगी।