1000212214

झारखंड को महिला और बाल विकास के क्षेत्र में मिलेगा नई पहचान, खुलेगा NIPCCD का नया केंद्र…

खबर को शेयर करें
1000212214

Jharkhand: झारखंड को 4 जुलाई 2025 को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रांची में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक को-ऑपरेशन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट (NIPCCD) के नए रीजनल सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा। खास बात यह है कि अब इस संस्थान का नाम बदलकर सवित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान रखा गया है। यह नाम देश की पहली महिला शिक्षिका और समाज सुधारक सवित्रीबाई फुले को श्रद्धांजलि के रूप में दिया गया है।

यह नया केंद्र विशेष रूप से झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे पूर्वी राज्यों के लिए बनाया गया है। अब इन राज्यों के फील्ड वर्कर्स को प्रशिक्षण के लिए लखनऊ या गुवाहाटी नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी और प्रशिक्षण अधिक सुलभ होगा।

इस बदलाव और नए केंद्र की स्थापना का श्रेय केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी को दिया जा रहा है जिनकी दूरदर्शिता और संकल्प से यह कदम संभव हुआ। उन्होंने कहा “यह केवल नाम परिवर्तन नहीं बल्कि महिलाओं और बच्चों के समर्पित विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”

अनुमान के अनुसार इन चार राज्यों के 115 जिलों में करीब 7 लाख फील्ड फंक्शनरीज़ कार्यरत हैं। अब उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और मार्गदर्शन रांची में ही उपलब्ध हो सकेगा। इससे मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य और पोषण 2.0 जैसी योजनाओं को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।

यह केंद्र सिर्फ प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा। यहां “चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग” में एडवांस डिप्लोमा कोर्स भी संचालित किया जाएगा जिससे किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य, बाल विकास और काउंसलिंग सेवाओं को नई दिशा मिलेगी।

यह केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘विकसित भारत @2047’ की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है ताकि देश के कोई भी महिला या बच्चा पीछे न छूटे।

नई दिल्ली स्थित मुख्यालय के अलावा NIPCCD के बेंगलुरु, गुवाहाटी, लखनऊ, इंदौर और मोहाली में पहले से ही क्षेत्रीय केंद्र हैं। यह संस्थान महिला एवं बाल विकास क्षेत्र में प्रशिक्षण, शोध, दस्तावेजीकरण और क्षमता निर्माण का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख संस्थान है।