Jamshedpur: बाढ़ प्रभावित गांवों का बाइक से दौरा कर रहे है विधायक संजीव सरदार, पीड़ितों को दी राहत सामग्री…

Jamshedpur news:पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमुरिया प्रखंड में हाल की भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने कई गांवों को प्रभावित किया है। इस आपदा की गंभीरता को देखते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार ने सोमवार को बाइक से बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। उन्होंने कुमदाशोल, खारिधा, खेरबोनी, केदुआ, बाँकिशोल और बड़ा कीजिया जैसे प्रभावित गांवों में जाकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात की।
दौरे के दौरान विधायक ने ग्रामीणों को तिरपाल, अंगवस्त्र और सूखा राशन वितरित कर त्वरित राहत पहुंचाई। उन्होंने मौके से ही अंचल अधिकारी को फोन पर निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों का शीघ्र सर्वे कर उन्हें राज्य सरकार की सहायता योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी जरूरतमंद परिवार राहत से वंचित न रहे।
विधायक संजीव सरदार ने कई बाढ़ से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों और पुलियों का निरीक्षण भी किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाए ताकि लोगों की आवाजाही बहाल हो सके।
बाद में डुमुरिया प्रखंड कार्यालय में बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू के साथ एक समीक्षा बैठक भी हुई। इसमें विधायक ने कहा कि जल्द से जल्द नुकसान का आकलन कर सरकारी मदद पहुंचाई जाए और रोड व पुलिया की मरम्मत के लिए DPR तैयार की जाए।
इस मौके पर बीस सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष भगत बास्के, प्रखंड सचिव जयपाल सिंह मुर्मू, कोषाध्यक्ष अर्जुन मुर्मू, घाट परगना लखन मार्डी, अर्जुन मार्डी, काजमान सिंह सरदार, धरमाल मार्डी, साजन सरदार, राम सोरेन, दसमात मुर्मू, भगत हंसदा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे।


