क्या बदल जाएगा देवघर एयरपोर्ट का नाम? कांग्रेस के बड़े नेता ने केंद्र सरकार से की मांग…

Jharkhand: झारखंड कांग्रेस ने देवघर एयरपोर्ट का नाम झारखंड के वीर सपूतों सिदो-कान्हू या चांद-भैरव के नाम पर रखने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि जैसे कोलकाता, पटना और ओडिशा के एयरपोर्ट्स को वहां के महापुरुषों के नाम पर सम्मान मिला है वैसे ही झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी पहचान मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड की ऐतिहासिक और जनजातीय विरासत का सम्मान जरूरी है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा वक्फ कानून में किए जा रहे बदलावों को मुस्लिम विरोधी बताया और कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का उल्लंघन है जो धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी देता है।
कमलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा देश में नफरत और समाज में विभाजन फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री के उस बयान को भी गलत बताया जिसमें कहा गया था कि वक्फ ट्रिब्यूनल के फैसले के खिलाफ अपील नहीं की जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि वक्फ एक्ट 1995 की धारा 83(9) के अनुसार हाईकोर्ट में अपील की जा सकती है।
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा बहुमत के घमंड में सामाजिक समरसता को खत्म कर रही है और अल्पसंख्यकों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों लोग भाजपा की इस नीति के खिलाफ सड़कों पर उतर चुके हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी को देश का उभरता हुआ सितारा बताया। अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने भी भाजपा प्रवक्ताओं के बयानों को झूठा बताया। इस मौके पर मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, प्रवक्ता सोनाल शांति, जगदीश साहू और राजन वर्मा भी मौजूद थे।


