1000211095

बिहार चुनाव 2025! महागठबंधन ने शुरू की तैयारी, महिलाओं को लेकर बड़े वादे, नई रणनीति पर मंथन…

खबर को शेयर करें
1000211095

Azad Reporter desk: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पटना में आज महागठबंधन की एक अहम बैठक हुई जिसमें साझा चुनावी घोषणा पत्र को लेकर गहन चर्चा हुई। बैठक में खास तौर पर महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर फोकस किया गया।

महागठबंधन की अगुवाई कर रहे तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेतृत्व ने एनडीए के खिलाफ अपराध, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों को मुख्य एजेंडा बनाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने महिलाओं से जुड़े कई सुझावों को भी मैनिफेस्टो में शामिल करने की तैयारी की है।

कांग्रेस ने ‘महिलाओं की बात’ अभियान के जरिए प्रखंड से जिला स्तर तक महिलाओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को समझा। इन सुझावों के आधार पर यह तय हुआ है कि आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदी, आंगनवाड़ी सेविकाएं, स्वयं सहायता समूह और मिड-डे मील बनाने वाली महिलाओं के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इसके अलावा महिलाओं की आय में बढ़ोतरी, महंगाई से राहत, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, सुरक्षा और पारिवारिक स्वतंत्रता जैसे मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

ये हो सकते हैं साझा घोषणापत्र के मुख्य वादे—
•जातीय आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा
•जातीय जनगणना का श्रेय लेने की कोशिश
•’मंईयां सम्मान योजना’ के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2500
•2000 एकड़ में वर्ल्ड क्लास •यूनिवर्सिटी बनाने की योजना
सभी बच्चों को मिड-डे मील में एक गिलास दूध और दो अंडे
•राज्य के सभी उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली
•युवाओं के लिए युवा आयोग का गठन
•बिहार में 100% डोमिसाइल नीति लागू
•नौकरी के लिए आवेदन बिल्कुल मुफ्त
•परीक्षा देने के लिए आने-जाने का किराया सरकार देगी

बैठक में सीटों के बंटवारे को लेकर भी बातचीत हुई। जानकारी के अनुसार कांग्रेस इस बार 50 से 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। वीआईपी पार्टी ने भी 40 से 50 सीटों की मांग की है और उपमुख्यमंत्री पद पर दावा जताया है। इन सभी मुद्दों पर जल्द ही अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

महागठबंधन की यह रणनीति एनडीए को कड़ी टक्कर देने की तैयारी का संकेत है। चुनावी बिगुल बजने से पहले ही महागठबंधन ने साफ कर दिया है कि वह सामाजिक और आर्थिक मुद्दों के साथ जनता के बीच जाना चाहता है।