झारखंड मौसम अपडेट! 9 जिलों में 3 जुलाई तक भारी बारिश का रेड अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील…

Jharkhand: झारखंड में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। राज्य के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के नौ जिलों में 3 जुलाई तक भारी बारिश और वज्रपात को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 300 मिमी से अधिक बारिश और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
रेड अलर्ट की जद में आने वाले जिले हैं:
खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला।
इन जिलों में अत्यंत भारी बारिश के साथ तेज गरज और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। खासतौर पर दक्षिणी झारखंड और मध्यवर्ती हिस्सों में इसका असर अधिक देखने को मिल सकता है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में बीते 24 घंटों में 360 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो अब तक का एक रिकॉर्ड माना जा रहा है। वहीं रांची, खूंटी, लोहरदगा और हजारीबाग जैसे जिलों में भी बारिश का कहर जारी है। जलभराव, बिजली कटौती और ट्रैफिक बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव क्षेत्र विकसित हो रहा है जो झारखंड की ओर बढ़ रहा है। इससे बारिश का दौर और तेज होगा और मानसून की सक्रियता और बढ़ेगी।
रांची, हजारीबाग, लोहरदगा, लातेहार, बोकारो, धनबाद और पलामू जैसे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा गरज के साथ भारी बारिश और वज्रपात हो सकता है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और अनावश्यक गतिविधियों से बचने की सलाह दी है।
सावधानी के लिए सुझाव:
खुले मैदानों में न जाएं
मवेशियों को बारिश के समय बाहर न निकालें
वाहन चलाते समय सतर्क रहें
अनावश्यक यात्रा से बचें
मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रह सकता है इसलिए प्रशासन और आम लोगों को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करने की अपील की गई है।


