1000210643

फिर इंसानियत हुई शर्मसार, रायपुर के बूढ़ा तालाब में नवजात बच्ची का मिला शव, CCTV फुटेज की जांच कर रही है पुलिस…

खबर को शेयर करें
1000210643

Azad Reporter desk: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के प्रसिद्ध बूढ़ा तालाब में रविवार सुबह एक नवजात बच्ची का शव तैरता हुआ मिला। तालाब के पास टहल रहे लोगों ने जैसे ही शव को पानी में देखा तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि बच्ची की उम्र और मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा लेकिन शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को जन्म के तुरंत बाद ही तालाब में फेंक दिया गया जिससे उसकी मौत हो गई।

फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि बच्ची का जन्म कहां हुआ और उसे तालाब में किसने फेंका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि बच्ची का शव लगभग 24 घंटे के भीतर ही फेंका गया लगता है क्योंकि पानी में मौजूद मछलियों ने शव को नुकसान नहीं पहुंचाया है।

यह हृदयविदारक घटना न केवल समाज की संवेदनहीनता को उजागर करती है बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करती है कि आज भी बेटियों के जन्म पर लोग कितने क्रूर फैसले लेने से नहीं हिचकते। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने का भरोसा दिलाया है।