1000210473

जमशेदपुर में बाढ़ का कहर : स्वर्णरेखा और खरकाई नदी उफान पर, प्रशासन ने जारी किया कंट्रोल रूम नंबर…

खबर को शेयर करें
1000210473

Jamshedpur news:लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है जिससे नदी किनारे बसे इलाकों में दहशत का माहौल है। बागबेड़ा, जुगसलाई, शास्त्रीनगर, मानगो और भुइयांडीह जैसे इलाकों के लोग अलर्ट मोड में हैं।

शनिवार रात हुई भारी बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में पानी भर गया है। कई कच्चे मकान ढह गए हैं और प्रभावित परिवारों को सरकारी भवनों में शरण दी जा रही है। इस बीच जिला प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम नंबर 0657-2444233 पर संपर्क करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि मदद और जानकारी के लिए यह नंबर 24×7 उपलब्ध रहेगा।

नगर निगम की लापरवाही भी इस आपदा को बढ़ाने का कारण बनी है। मानगो क्षेत्र समेत कई इलाकों में नालों की सफाई नहीं होने के कारण मामूली बारिश में ही जलभराव हो रहा है। आजाद नगर, हड्डीगोदाम, दाईगुट्टू और वारिस कॉलोनी जैसे मोहल्लों में नाले ओवरफ्लो हो गए हैं और गंदा पानी घरों और सड़कों में फैल गया है।

पोटका प्रखंड में जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने से बस्तियों में पानी भर गया है। सबर समुदाय के लोग खटिया पर बैठकर रातें गुजारने को मजबूर हैं। BDO अरुण कुमार मुंडा ने बताया कि प्रभावितों को पंचायत भवन और विद्यालयों में अस्थायी रूप से शिफ्ट किया जा रहा है। पोटका-बेगनाडीह रोड पर बना पुल बह गया है जिससे आवागमन पूरी तरह ठप है।

वहीं घाटशिला के बड़ाखुर्शी पंचायत अंतर्गत दारीसाई सबर बस्ती में भी जलजमाव से हालात भयावह हो चुके हैं। घरों में पानी घुस गया है और लोगों का जीना मुहाल हो गया है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों से बचें सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी प्रकार की सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0657-2444233 पर तुरंत संपर्क करें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत कार्य तेज़ी से जारी हैं।