पोटका में भारी बारिश का कहर: हरिणा के बोरडीह में दर्जनों कच्चे मकान ढहे, हुए बेघर…

Jamshedpur news: शनिवार देर रात से पोटका क्षेत्र में हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। हरिणा पंचायत के बोरडीह गांव में बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई जिससे दर्जनों कच्चे मकान ढह गए और कई घरों को नुकसान पहुंचा है। इससे गरीब परिवारों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर होना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड एवं अंचल प्रशासन की टीम गांव में पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पोटका के बीडीओ अरुण कुमार मुंडा ने बताया कि प्रभावित लोगों को पंचायत भवन और विद्यालय भवन में अस्थायी रूप से आश्रय देने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
इधर भारी बारिश के कारण पोटका-बेगनाडीह मुख्य मार्ग पर स्थित भालकी और बामनबासा के बीच पुल बह गया है, जिससे इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। इसके अलावा क्षेत्र के कई अन्य गांवों में भी पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है और प्रभावितों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।

