झारखंड मंईयां सम्मान योजना: 52 लाख महिलाओं को अगले सप्ताह तक मिलेगी मई की राशि…

Jharkhand: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की लगभग 52 लाख महिला लाभुकों को मई महीने की राशि अगले सप्ताह तक उनके बैंक खातों में भेज दी जाएगी। इस संबंध में सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने सभी जिलों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार सोमवार से राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिलों को रिपोर्ट तैयार कर निदेशालय को सौंपनी होगी।
इससे पहले अप्रैल की राशि का भुगतान जून में किया गया था जिसमें करीब 51 लाख महिलाओं को ₹2500 प्रति माह की दर से सहायता राशि दी गई थी। योजना के तहत प्रत्येक लाभुक महिला को हर महीने ₹2500 की आर्थिक मदद दी जाती है जिससे उन्हें घरेलू खर्चों में राहत मिल सके।
महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने योजना को सुचारु रूप से चलाने के लिए नवंबर 2025 तक ₹9609 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया है। यह सुनिश्चित करेगा कि सभी पात्र महिलाओं को समय पर सहायता राशि मिलती रहे।
इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।