एयर इंडिया हादसे के बाद पार्टी मनाना पड़ा महंगा, वायरल वीडियो के बाद 4 अफसरों की नौकरी गई…

Azad Reporter desk: एयर इंडिया SATS (AISATS) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पार्टी मनाना भारी पड़ गया। यह पार्टी उस वक्त की गई थी जब देश एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 के बड़े विमान हादसे के सदमे में था। इस हादसे में 259 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी गई जिसके चलते कंपनी ने चार अधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया है।
यह वीडियो गुरुग्राम में आयोजित एक ऑफिस पार्टी का है जिसमें AISATS के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अब्राहम जकारिया और कुछ अन्य कर्मचारी तेज म्यूजिक पर डांस करते नजर आए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इसे बेहद असंवेदनशील और शर्मनाक बताया।
यह पार्टी उस हादसे के कुछ ही दिन बाद हुई जिसमें एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 (बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर) अहमदाबाद में एक हॉस्टल से टकरा गई थी। यह फ्लाइट लंदन जा रही थी और इसमें कुल 260 लोग सवार थे जिनमें से सिर्फ एक व्यक्ति ही जीवित बचा।
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब देश और पीड़ित परिवार शोक में डूबे थे तब एयर इंडिया से जुड़े अधिकारी पार्टी कर रहे थे। लोगों ने इसे संवेदनहीनता की पराकाष्ठा करार दिया।
AISATS ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा “AI171 हादसे से प्रभावित सभी परिवारों के साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। हमें बेहद दुख है कि कुछ कर्मचारियों ने ऐसा व्यवहार किया जो हमारे मूल्यों के खिलाफ है। हमने तुरंत सख्त कार्रवाई की है और चार कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है।”
हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि पार्टी किस तारीख को हुई लेकिन सूत्रों के अनुसार यह हादसे के तुरंत बाद हुई थी और इन्हीं चार अधिकारियों ने पार्टी आयोजित की थी।
कंपनी ने यह भी स्वीकार किया कि इस घटना से उसकी छवि को नुकसान पहुंचा है। ऐसे समय में जब पीड़ित परिवार अपने प्रियजनों के शवों का इंतजार कर रहे थे यह वीडियो सामने आना बेहद निंदनीय और असंवेदनशील है

