झारखंड मौसम अपडेट: आज 13 जिलों में तेज बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट, 29 जून को 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी…

Jharkhand: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार शनिवार 28 जून को राज्य के 13 जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 29 जून को 7 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के दक्षिणी हिस्से में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब कमजोर हो गया है। इसकी वजह से पिछले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियों में भी कमी आई थी। आने वाले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना कम है लेकिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी जारी रह सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार 29 जून से मानसून फिर से एक्टिव हो जाएगा। इसके बाद झारखंड के कई हिस्सों में मध्यम से लेकर भारी बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि रांची, खूंटी, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में दिन में 2 से 3 बार हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि आज के लिए भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। अन्य जिलों में भी हल्की फुहारें या बूंदाबांदी की स्थिति बनी रह सकती है।
Note: मौसम विभाग द्वारा लगातार अपडेट जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिजली कड़कने के समय खुले में न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।