1000208833

नौसेना कर्मचारी ने दी पाकिस्तान को गोपनीय जानकारी, ‘प्रिया शर्मा’ बनकर बात कर रही थी महिला हैंडलर, 50 हजार में बेचा ऑपरेशन सिंदूर का राज…

खबर को शेयर करें
1000208833

Azad Reporter desk: दिल्ली के नौसेना भवन में कार्यरत एक क्लर्क विशाल यादव को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि वह पैसों के लालच में पाकिस्तान की महिला हैंडलर को देश की गोपनीय जानकारियां दे रहा था। आरोपी ने “प्रिया शर्मा” नाम की फर्जी महिला प्रोफाइल से दोस्ती कर बातचीत शुरू की थी जो बाद में एक पाकिस्तानी हैंडलर निकली।

जानकारी के अनुसार दोनों के बीच बातचीत फेसबुक से शुरू होकर व्हाट्सऐप और फिर टेलीग्राम पर चली गई। महिला ने खुद को पहले भारतीय बताया और फिर बाद में पाकिस्तानी होने की बात कबूल की। विशाल को पैसे का लालच देकर उससे नौसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां ली गईं।

विशाल यादव ने पूछताछ में माना कि उसे शुरुआत में हर जानकारी के लिए 5-6 हजार रुपये मिलते थे लेकिन ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के दौरान उसने अहम जानकारी दी जिसके बदले उसे एक बार में 50 हजार रुपये मिले। अब तक वह करीब 2 लाख रुपये तक ले चुका था कुछ रकम क्रिप्टोकरेंसी में भी ली गई।

विशाल की गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार में मातम पसरा है। उसकी मां सदमे में हैं और घर से बाहर नहीं निकल रही हैं। पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई है।

राजस्थान सीआईडी की जांच में सामने आया कि प्रिया शर्मा नाम की आईडी पहले भी कई लोगों को जाल में फंसा चुकी है। जब जांच में विशाल का नाम सामने आया तो उस पर नजर रखी गई और 25 जून को उसे जयपुर लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।

विशाल डायरेक्टोरेट ऑफ डॉकयार्ड में UDC के पद पर तैनात था। उसकी मोबाइल जांच में कई गुप्त दस्तावेजों और चैट्स के सबूत मिले हैं जिससे साबित हुआ कि वह लंबे समय से संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को भेज रहा था।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।