मानगो में सार्वजनिक शौचालय बना सिरदर्द, गंदगी और बदबू से परेशान है लोग…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित पंप हाउस के पास बना सार्वजनिक शौचालय स्थानीय लोगों और संचालक के लिए परेशानी का कारण बन गया है। शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने सीवरेज की खराब व्यवस्था, जलजमाव और बदबू से इलाके का माहौल खराब हो गया है।
संचालक का कहना है कि वे प्रशासन के निर्देश पर जनहित में इस शौचालय का संचालन कर रहे हैं लेकिन मूलभूत सुविधाओं की कमी और लगातार गंदगी के कारण उनका खुद का रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कई बार नगर निगम और संबंधित विभागों से शिकायत की लेकिन कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई है।
परिवार की महिलाओं और बच्चों को दुर्गंध और मच्छरों के कारण गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संचालक ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे शौचालय का संचालन बंद करने को मजबूर हो जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक इलाके के कई घरों की महिलाएं व पुरुष नदी घाट पर जाकर नहाने और कपड़े धोने को मजबूर हैं। वहीं पास के पंप हाउस की चारदीवारी पार कर महिलाएं और बच्चे जान जोखिम में डालकर आ-जा रहे हैं।
वहीं ये भी बताया गया कि पानी और गंदगी के कारण रास्ता दुश्वार हो गया है लेकिन न तो कोई जनप्रतिनिधि और न ही जेएनएसी इसका समाधान निकाल रहा है।
संचालक परिवार ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि शौचालय की नियमित सफाई, सीवरेज की मरम्मत, सैनिटाइजेशन और स्वच्छ वातावरण की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अपील की है कि जनहित में संचालित इस शौचालय के प्रबंधन में प्रशासन सहयोग करे ताकि सेवा भावना बनी रहे और उनका जीवन सामान्य हो सके।

