CBSE बोर्ड का बड़ा फैसला: अब साल में दो बार होगी 10वीं की बोर्ड परीक्षा, छात्रों को मिलेगा सुधार का मौका…

Azad Reporter desk: अगर आप या आपके बच्चे कक्षा 10वीं की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने एक बड़ा फैसला लिया है। साल 2026 से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा अब साल में दो बार आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य छात्रों को बेहतर प्रदर्शन का एक और मौका देना है और परीक्षा का तनाव कम करना है।
CBSE के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने जानकारी दी कि परीक्षा अब दो चरणों में होगी पहला चरण फरवरी में और दूसरा मई में। पहली परीक्षा में शामिल होना सभी छात्रों के लिए अनिवार्य होगा जबकि दूसरी परीक्षा पूरी तरह से वैकल्पिक होगी। यानी यदि कोई छात्र पहली परीक्षा में मिले अंकों से संतुष्ट नहीं है तो वह दूसरी परीक्षा में बैठ सकता है और अपने अंकों में सुधार कर सकता है।
CBSE का यह निर्णय नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के अनुरूप लिया गया है। बोर्ड का मानना है कि एक बार की परीक्षा से किसी भी छात्र की वास्तविक क्षमता और प्रतिभा का सही आकलन नहीं हो पाता। इसलिए छात्रों को सुधार का अवसर देना जरूरी है।
इस बदलाव से छात्रों को तनावमुक्त होकर पढ़ाई करने का मौका मिलेगा और वे अपनी गलतियों से सीखकर खुद को बेहतर बना सकेंगे।

