Jamshedpur: फैक्ट्री में झुलसे गार्ड की इलाज के दौरान मौत, शव रखकर ग्रामीणों का हंगामा…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पूर्णापानी गांव स्थित गौरी शॉप फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहे 70 वर्षीय शशधर महतो की इलाज के दौरान मौत हो गई। 16 जून की रात वह फैक्ट्री में गर्म सिलीकेट से भरे हौदे में गिरकर बुरी तरह झुलस गए थे। इसके बाद उनका इलाज पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर अस्पताल में चल रहा था जहां 23 जून को उनकी मौत हो गई।
मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया तो परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन से मुआवजे की मांग को लेकर शव को फैक्ट्री गेट पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने न तो प्रशासन को सूचना दी और न ही किसी प्रकार की सहायता या मुआवजा देने की बात कही।
घटना के वक्त शशधर महतो फैक्ट्री में गेटकीपर थे। परिजनों के अनुसार, एक कर्मचारी के कहने पर वह लाइट जलाने गए थे तभी संतुलन बिगड़ने से गर्म हौदे में गिर पड़े।
मौके पर मृतक के बेटे भुवन महतो, पत्नी ललिता महतो और पूर्व वार्ड पार्षद शतदल महतो समेत कई ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने तत्काल मुआवजे की मांग की है और फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई है।

