फिर तकनीकी खामी! जयपुर से दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट कैंसिल,क्या यह महज़ इत्तेफाक है या लापरवाही की साजिश?

Azad Reporter desk: क्या यह सिर्फ संयोग है या गंभीर लापरवाही की जड़ें गहरी हैं? अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसा की घटना के बाद अब लगभग हर दो दिन में एयर इंडिया फ्लाइट में तकनीकी खराबी की खबर सामने आ रही है। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है क्या भारतीय विमानन व्यवस्था ढीली हो चुकी है?
ताजा मामला जयपुर से दुबई जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-195 का है जिसे रविवार सुबह टेकऑफ से पहले रद्द कर दिया गया। यह फ्लाइट सुबह 5:30 बजे रवाना होने वाली थी लेकिन जैसे ही विमान रनवे की ओर बढ़ा कॉकपिट में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए विमान को एप्रन पर लौटा दिया।
करीब चार घंटे तक इंजीनियरों ने खामी दूर करने की कोशिश की लेकिन कोई हल नहीं निकला। हैरानी की बात यह रही कि इस पूरे समय यात्री विमान के अंदर ही बैठे रहे। अंत में फ्लाइट रद्द कर दी गई जिससे यात्रियों में गुस्सा और निराशा दोनों देखने को मिला।
सूत्रों के अनुसार गड़बड़ी विशेष रूप से कॉकपिट की तकनीकी प्रणाली से जुड़ी थी। यात्रियों को अब टिकट रीशेड्यूल करने या रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है।
यह कोई पहला मामला नहीं है अहमदाबाद हादसे के बाद अब तक 5 से अधिक फ्लाइट्स में तकनीकी खामी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हर दो दिन में एक खबर आना आशंका और अविश्वास को जन्म दे रहा है।
अब वक्त आ गया है कि DGCA और विमानन मंत्रालय इन घटनाओं पर सिर्फ नोटिस न लें बल्कि सख्त कार्रवाई और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करें।

