तालाब में नहाने के दौरान डूबे युवक की मौत, मिर्गी रोग से था पीड़ित…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र के पलासडीह गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय अनिल मुदी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक मिर्गी रोग से पीड़ित थे और सुबह नहाने के लिए तालाब गए थे जहां अचानक चक्कर आने के कारण पानी में गिर पड़े। मौके पर ही उनकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे के लिखित आवेदन पर बोड़ाम थाना में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) केस दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही कागजी प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने में मदद की जाएगी।
गांव में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है। परिजनों ने बताया कि अनिल मुदी लंबे समय से मिर्गी की बीमारी से जूझ रहे थे।

