झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट: 22 से 25 जून तक वज्रपात और मूसलधार बारिश की चेतावनी, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी…

झारखंड में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 जून से 25 जून तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसको लेकर विभिन्न दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार और सोमवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर और जामताड़ा जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
24 जून को हजारीबाग, रांची, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
25 जून को रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और पूर्वी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रांची में भी दोपहर बाद बारिश होने की संभावना जताई गई है। बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। हालांकि पिछले 24 घंटे में इसमें 4.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई।
बड़कागांव में सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटे में बड़कागांव (हजारीबाग) में सबसे अधिक 85 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गढ़वा में 78.5 मिमी और कांके (रांची) में 84.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
1 जून से 21 जून 2025 तक रांची में 402.9 मिमी, जमशेदपुर में 389.5 मिमी, मेदिनीनगर में 212.2 मिमी, बोकारो में 212.5 मिमी और चाइबासा में 278.4 मिमी बारिश हो चुकी है।
शहरों का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)—
•रांची – 30.3
•जमशेदपुर – 34.0
•मेदिनीनगर – 31.2
•बोकारो – 31.1
•चाइबासा – 34.0
•पाकुड़ – 36.9
बारिश के समय वज्रपात से बचाव के लिए सावधानी बरतें खुले में न रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।


