100 करोड़ के GST घोटाले में CBI की बड़ी कार्रवाई, बिहार-झारखंड के 7 ठिकानों पर छापेमारी…

Jharkhand: CBI ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के GST घोटाले के मामले में बिहार और झारखंड के 7 ठिकानों पर छापेमारी की है। जमशेदपुर, पटना, पूर्णिया, नालंदा और मुंगेर में यह कार्रवाई की गई। जमशेदपुर में TMH के पास एक GST के अतिरिक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी के घर भी CBI पहुंची।
CBI की जांच में सामने आया है कि नेपाल के रास्ते फर्जी तरीके से टाइल्स और ऑटोमोबाइल पार्ट्स का निर्यात दिखाया गया। इसके बदले में करीब 100 करोड़ रुपये का GST रिफंड ले लिया गया। यह सारा काम कुछ कस्टम अधिकारियों और निजी कंपनियों की मिलीभगत से हुआ।
CBI ने बताया कि चार अधिकारियों नीरज कुमार, मनमोहन शर्मा, तरुण कुमार सिन्हा और राजीव रंजन सिंह की इसमें अहम भूमिका रही। ये सभी कस्टम विभाग में उच्च पदों पर हैं। इन पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर GST रिफंड देने का आरोप है।
छापेमारी के दौरान CBI को सात सोने की ईंटें कई मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज भी मिले हैं। सोने की हर ईंट का वजन 100 ग्राम है।
CBI की FIR के मुताबिक अधिकारियों ने निजी कंपनियों और 23 इंपोर्टर फर्म्स के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है लेकिन जांच जारी है और जल्द ही कुछ बड़े खुलासे हो सकते हैं।