दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार निसार हसन उर्फ निशु जमशेदपुर लाया गया, पुलिस करेगी कड़ी पूछताछ…

Jamshedpur news:हत्या, रंगदारी और फायरिंग जैसे संगीन मामलों का आरोपी निसार हसन उर्फ निशु को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर शनिवार देर शाम जमशेदपुर ले आई है। आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जमशेदपुर में हत्या और फायरिंग की घटनाओं के बाद निशु देश छोड़कर बहरीन भाग गया था। वहीं से वह अपने गिरोह का संचालन कर रहा था। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी।
बीते 14 मई को जमशेदपुर के तत्कालीन एसएसपी कौशल किशोर के निर्देश पर निशु के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद देश के सभी एयरपोर्ट पर निशु की तस्वीर और पासपोर्ट डिटेल साझा की गई थी।
गुरुवार को जब निशु बहरीन से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा तो पहले से अलर्ट एयरपोर्ट पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जमशेदपुर पुलिस ने निशु को दिल्ली से हिरासत में लेकर शनिवार शाम जमशेदपुर लाया।
बताया जा रहा है कि निशु साल 2022 में गैंगस्टर गणेश सिंह पर बम हमले की घटना में भी शामिल था। जमशेदपुर में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य राज़ उगलवाने की कोशिश में लगी है।