1000205723

जमशेदपुर में फैमिली कोर्ट के 75 मामलों का हुआ निपटारा, डालसा ने चलाया विशेष अभियान…

खबर को शेयर करें
1000205723

Jamshedpur news: न्यायिक प्रक्रिया को तेज़, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में 16 जून से 20 जून 2025 तक एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) द्वारा किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य फैमिली कोर्ट में लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करना था।

डालसा के सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने जानकारी दी कि इस विशेष ड्राइव के तहत फैमिली कोर्ट से जुड़े कुल 75 मामलों का निष्पादन किया गया। इनमें से दो मामलों को रिवीजन की श्रेणी में रखा गया जबकि बाकी मामलों का समाधान आपसी सहमति या न्यायालय के हस्तक्षेप से हुआ।

उन्होंने बताया कि यह पहल न सिर्फ न्यायालयों पर बढ़ते बोझ को कम करने में सहायक रही बल्कि इससे लोगों को समय पर न्याय भी मिल सका। धर्मेन्द्र कुमार ने कहा, “यह स्पेशल ड्राइव एक सराहनीय कदम है, जिससे आम नागरिकों का न्याय प्रणाली पर विश्वास और मजबूत हुआ है।”

डालसा सचिव ने यह भी बताया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियानों को नियमित रूप से चलाने की योजना है ताकि न्यायिक प्रक्रिया को सरल, त्वरित और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।गौरतलब है कि फैमिली कोर्ट में कई मामले वर्षों तक लंबित रहते हैं जिससे पक्षकारों को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस अभियान के माध्यम से कई परिवारों को राहत मिली है जो वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे थे।

डालसा द्वारा किया गया यह प्रयास न्यायिक प्रणाली में एक सकारात्मक बदलाव की ओर संकेत करता है जहां जनहित के मामलों को प्राथमिकता दी जा रही है।