1000204855

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, राहत कार्यों में तेजी लाने का दिया निर्देश…

खबर को शेयर करें
1000204855

Jamshedpur news: जमशेदपुर में बीते दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है जिससे सीतारामडेरा, सिदगोड़ा थाना क्षेत्र समेत कई तटीय इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

विधायक साहू ने भुइयांडीह, कल्याण नगर, गौतम विहार, बागुनहातु और बारीडीह बस्ती जैसे संवेदनशील इलाकों में जाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

मौके से ही विधायक ने जिला उपायुक्त, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, टाटा स्टील UISL, बिजली विभाग के महाप्रबंधक और खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी से फोन पर बात कर तत्काल राहत एवं समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी जरूरत या आपात स्थिति में वे उनसे या जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 0657-2431028 पर संपर्क करें।

विधायक ने मानसून के दौरान संभावित आपात स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, कीटनाशकों की आपूर्ति, जीवनरक्षक दवाएं, चिकित्सा व्यवस्था और आवश्यक राहत सामग्री की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह सक्रिय करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी नागरिक को भोजन, पीने का पानी, चिकित्सा और राहत सामग्री जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी न हो।

गुरुवार देर शाम विधायक पूर्णिमा साहू की ओर से कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और खाद्य पदार्थों का वितरण भी किया गया। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव समेत कई भाजपा कार्यकर्ता भी सेवा में जुटे रहे।